
भाजपा के समर्थन से UP विधानसभा के उपाध्यक्ष चुने गए सपा के बागी विधायक नितिन अग्रवाल
Zee News
नितिन अग्रवाल के पिता नरेश अग्रवाल सपा में लंबे समय तक रह चुके हैं और हरदोई से सात बार विधायक चुने जा चुके हैं. वह सपा में रहते हुए राज्यसभा के लिए भी चुने जा चुके हैं. नरेश कांग्रेस में भी रह चुके हैं.
लखनऊ: समाजवादी पार्टी के बागी विधायक नितिन अग्रवाल भाजपा के समर्थन से उत्तर प्रदेश विधानसभा के उपाध्यक्ष चुन लिए गए हैं. उत्तर प्रदेश विधानसभा में उपाध्यक्ष पद के लिए सोमवार सुबह लगभग 11:45 बजे मतदान शुरू हुआ, जो दोपहर 3 बजे तक चला. इसके बाद परिणाम घोषित किए गए, जिसमें नितिन अग्रवाल 304 मतों के साथ उपाध्यक्ष चुन लिए गए. विपक्ष के उम्मीदवार नरेंद्र वर्मा को 60 वोट मिले.
नरेंद्र वर्मा को 47 सपा विधायकों के साथ, बसपा के 8 बागी विधायकों का वोट, अपना दल के आरके वर्मा का 1 वोट, बीजेपी के सीतापुर विधायक राकेश राठौर का वोट मिला. इसके अलावा सपा उम्मीदवार को दूसरी पार्टियों के 3 अन्य विधायकों के भी वोट मिले. बसपा और कांग्रेस ने वोटिंग का हिष्कार किया. भाजपा समर्थित उम्मीदवार नितिन अग्रवाल को 304 मत मिले.
