
फिल्म जगत को हाई प्रोफाइल होने की कीमत चुकानी पड़ती है; जावेद अख्तर ने क्यों कहा ऐसा ?
Zee News
जावेद अख्तर का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्रूज पोत से मादक पदार्थों की कथित जब्ती के संबंध में सुपरस्टार शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी को लेकर बॉलीवुड और इसके सेलिब्रेटी संस्कृति पर फिर से लोगों का ध्यान गया है.
मुंबईः गीतकार जावेद अख्तर ने मंगलवार को कहा कि अपने ‘हाई प्रोफाइल’ मिजाज के कारण हिन्दी सिनेमा उद्योग जांच के दायरे में है और उसे इसकी ’कीमत’ चुकानी पड़ती है. जावेद अख्तर का यह बयान ऐसे समय आया है जब क्रूज पोत से मादक पदार्थों की कथित जब्ती के संबंध में सुपरस्टार शाहरूख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी को लेकर बॉलीवुड और इसके सेलिब्रेटी संस्कृति पर फिर से लोगों का ध्यान गया है. सोशल मीडिया पर आवाज उठाने वाले ऐसे कई लोग हैं, जिनका मानना है कि आर्यन खान के खिलाफ यह मामला सिर्फ फिल्मी जगत को निशाना बनाने के लक्ष्य से दर्ज किया गया है.
गुमनाम पर पत्थर उछालने का किसी के पास वक्त नहीं यह पूछने पर कि क्या उन्हें ऐसा लगता है कि बॉलीवुड को लगातार निशाना बनाया जा रहा है, अख्तर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘फिल्मी जगत को हाई प्रोफाइल होने के नाते यह कीमत चुकानी पड़ती है. जब आप हाई प्रोफाइल होते हैं तो, लोगों को आपको नीचे गिराने और आप पर कीचड़ उछालने में मजा आता है. अगर आपको कोई नहीं जानता, तो आप पर पत्थर उछालने का किसी के पास वक्त नहीं है?’’ लेखकों अल्मस विरानी और श्वेता समोता की पुस्तक ‘चेंजमेकर्स’ के विमोचन पर अख्तर ने उक्त बातें कहीं.
