
प्रशासन से समझौता: दस घंटे में मांगें पूरी न होने पर राकेश टिकैत ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
Zee News
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने ऐलान किया कि शव का पोस्टमार्टम होने दिया जाए. टिकैत ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर 10 घंटे में हमारी मांगें पूरी नहीं हुईं तो बड़े आंदोलन की तैयारी की रूपरेखा तैयार की जाएगी.
लखीमपुर: लखीमपुर खीरी (Lakhimpur Kheri Incident) में हुई घटना की जांच के लिए योगी सरकार ने रिटायर्ड जज की अध्यक्षता में कमेटी गठन का फैसला किया है. वहीं, मृतकों के परिजनों को 45-45 लाख रुपये व घायलों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की है. भाकियू नेता राकेश टिकैत की मौजूदगी में यूपी के एडीजी लॉ एंड ऑर्डर प्रशांत कुमार (UP ADG L/O Prashant Kumar) ने यह जानकारी मीडिया को दी. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा.
किसान नेता राकेश टिकैत की प्रदेश सरकार के अधिकारियो के साथ बंद कमरे में चर्चा हुई. राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने मृतक किसानों के परिजनों को मुआवजे के साथ घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग सरकार से की, जिसे मान लिया गया. साथ ही केंद्रीय गृहराज्य मंत्री अजय मिश्रा टेनी के बेटे के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और उन्हें मंत्रिमंडल से बर्खास्त करने के अलावा, उनके पुत्र आशीष मिश्रा की गिरफ्तारी की मांग भी राकेश टिकैत ने प्रशासन जरिए सरकार के सामने रखी.
