
प्रमोशन में रिजर्वेशन पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र से किया सवाल, पूछा आरक्षण देने के लिए क्या-क्या किया?
Zee News
सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने केंद्र सरकार से कहा कि कृपया सिद्धांतों पर बहस न करें और हमें आंकड़ें दिखाएं. आप बताए कि एससी और एसटी को प्रमोशन में रिजर्वेशन (Reservation in Promotion) को कैसे सही ठहराते हैं. निर्णयों को सही ठहराने के लिए आपने क्या प्रयास किए हैं.
नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने प्रमोशन में रिजर्वेशन (Reservation in Promotion) के मामले में मंगलवार को सुनवाई की. कोर्ट ने इसे परेशान करने वाला बताते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति (SC / ST) के लोगों के लिए पदोन्नति में आरक्षण को बंद नहीं किया, भले ही नौकरियों के कुछ वर्गों में उनकी संख्या क्रमशः 15 प्रतिशत और 7.5 प्रतिशत की ऊपरी सीमा से अधिक हो गई.
सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने केंद्र से पूछा कि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के कर्मचारियों को पदोन्नति में आरक्षण देने के फैसले को उचित ठहराने के लिए उसने किस तरह के कदम उठाए हैं. इसके साथ ही केंद्र सरकार से कहा है कि वह प्रमोशन में रिजर्वेशन (Reservation in Promotion) के मामले में अपर्याप्त प्रतिनिधित्व संबंधित डेटा और आंकड़े कोर्ट के सामने रखे. इस मामले में पीठ बुधवार को भी सुनवाई जारी रखेगी.
