
पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल हो और आयात शुल्क बढ़े, आरएसएस नेताओं ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से की डिमांड
Zee News
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के साथ 21-29 नवंबर के बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक की. ज्यादातर बैठकें ऑनलाइन हुईं. भारतीय मजदूर संघ ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से बहाल करने की मांग की.
नई दिल्ली: देश के अगले आम बजट को लेकर केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार विभिन्न संगठनों, उद्योग चैंबर्स, आर्थिक विशेषज्ञों और महत्वपूर्ण संगठनों के साथ चर्चा कर रही हैं. वित्त मंत्री उनसे सुझाव भी ले रही हैं. इसी मुहिम के तहत वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़े विभिन्न संगठनों के साथ 21-29 नवंबर के बीच बैठक कर उनके सुझाव भी लिए. ज्यादातर बैठकें ऑनलाइन हुईं. इन बैठकों में बजट की रूपरेखा, सरकार के आर्थिक एजेंडे, किसान और मजदूरों के हितों को लेकर आरएसएस से जुड़े विभिन्न संगठनों ने वित्त मंत्री को कई सुझाव दिए.
भारतीय मजदूर संघ की बड़ी डिमांड आरएसएस से जुड़े भारतीय मजदूर संघ- बीएमएस ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से बहाल करने की मांग की. वहीं भारतीय किसान संघ-बीकेएस ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की राशि को बढ़ाने की मांग की और मुद्रास्फीति के साथ जोड़ने की मांग की. स्वदेशी जागरण मंच - एसजेएम ने चीन के साथ लगातार बढ़ रहे व्यापार घाटे पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए वित्त मंत्री को आयात होने वाले सामानों पर आयात शुल्क बढ़ाने और आत्मनिर्भर भारत बनाने की बात की.
