
"पाक नए निचले स्तर पर गिरा", अफगान राजदूत की बेटी के अपहरण पर भारत ने कहा
NDTV India
पाकिस्तानी विदेश कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘पाकिस्तान, भारत की अवांछित टिप्पणी की निंदा करता है. इस विषय पर भारत का कोई अधिकार नहीं बनता है.’’ विदेश कार्यालय ने पाकिस्तान के खिलाफ दुष्प्रचार करने से भारत को दूर रहने को कहा.
भारत ने इस्लामाबाद में अफगानिस्तान के राजदूत की बेटी के अपहरण को बृहस्पतिवार को ‘‘अत्यंत चौंकाने वाली'' घटना करार दिया और कहा कि पीड़िता के बयानों से पाकिस्तान का इनकार करना ‘‘बहुत ही शर्मनाक'' है. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने इस घटना में भारत का नाम घसीटे जाने पर पाकिस्तान के गृह मंत्री शेख राशिद पर भी प्रहार किया. उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार को अज्ञात लोगों ने इस्लामाबाद में अफगान राजदूत नजीबुल्ला अलीखिल की 26 वर्षीय बेटी सिलसिला अलीखिल का अपहरण कर लिया था और कई घंटों तक उसे बंधक बनाकर रखा था. यह रेखांकित करते हुए कि यह पाकिस्तान और अफगानिस्तान से जुड़ा मामला है, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘यह अत्यंत चौंकाने वाली घटना है.''











