
पाकिस्तानी आतंकवादी का शाहीन बाग कनेक्शन? रच रहा था खौफनाक साजिश
Zee News
16 साल पहले भारत आए पाकिस्तान आतंकी को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से AK-47, हैंडग्रेनेड समेत कई खतरनाक हथियार बरामद हुए. बड़ी बात ये है कि ये सारे हथियार दिल्ली के कालिंदी कुंज में यमुना घाट के पास मिट्टी में दबे मिले, जो शाहीन बाग से सिर्फ 1 किलोमीटर की दूरी पर है.
नई दिल्ली: पाकिस्तान से सीमा पार करके आतंकवादी कश्मीर में छिप जाते हैं. ये बात अब आपको विचलित नहीं करती. ऐसी खबरों की आपको आदत पड़ चुकी है. लेकिन अगर AK-47 राइफल लिए हुए कोई आतंकवादी आपके पड़ोस में, आपके मोहल्ले में या आपकी हाउसिंग सोसाइटी में रह रहा हो, ये जानकर आप चौक भी जाएंगे और डर भी जाएंगे. क्योंकि यहां पर जान किसी सैनिक की नहीं बल्कि आपकी जाएगी, या आपके परिवार की जाएगी. मंगलवार को दिल्ली (Delhi) में एक बहुत भीड़ भाड़ वाली कॉलोनी में एक ऐसा ही पाकिस्तानी आतंकवादी (Pakistani Terrorist) पकड़ा गया, जो पिछले 16 साल से भारत के अलग-अलग शहरों में आम लोगों के बीच रह रहा था.
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जिस आतंकवादी को गिरफ्तार किया है, उसका नाम मोहम्मद अशरफ उर्फ अली अहमद नूरी है. ये आतंकवादी वर्ष 2004 और 2005 के बीच पाकिस्तान से भारत आया था. यानी पिछले लगभग 16-17 साल से भारत में था और कई आतंकवादी गतिविधियों में भी शामिल रहा. दिल्ली पुलिस के मुताबिक, इसकी ट्रेनिंग पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के साथ हुई थी और फिर इसे बांग्लादेश के रास्ते पहले पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी में दाखिल कराया गया और वहां से ये राजस्थान के अजमेर पहुंचा.
