परमबीर सिंहः मुंबई के पूर्व पुलिस कमिश्नर कहाँ हैं, ये पुलिस को भी पता नहीं
BBC
महाराष्ट्र सरकार ने पिछले महीने आधिकारिक तौर पर परमबीर सिंह के लापता होने का एलान कर दिया था. मई के बाद से उन्हें किसी ने सार्वजनिक जगहों पर नहीं देखा है.
एक अक्तूबर को महाराष्ट्र के अधिकारियों ने बताया कि मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर परमबीर सिंह लापता हैं. भारत की आर्थिक राजधानी के मुखिया के लापता होने की ये घोषणा चौंकाने वाली थी.
दो साल पहले ही परमबीर सिंह को 45 हज़ार पुलिसकर्मियों की संख्या वाली मुंबई पुलिस का प्रमुख बनाया गया था.
अब परमबीर सिंह ना तो मुंबई में अपने अपार्टमेंट में और ना ही अपने पैतृक शहर चंडीगढ़ के पते पर मौजूद हैं.
मुंबई पुलिस अपने ही पूर्व प्रमुख को तलाश रही थी लेकिन मुंबई में उनके साथ रहने वालीं उनकी पत्नी और बेटी तथा विदेश में रहने वाले उनके बेटे और वकीलों ने उनके बारे में कोई जानकारी नहीं दी.
ये मामला इसी साल फ़रवरी में भारत के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के घर के पास विस्फोटकों से भरी एक कार के मिलने से शुरू हुआ था.