
पतरातू के सौंदर्य को देखना हुआ और ज्यादा रोमांचक, MLA अम्बा प्रसाद ने शुरू की मोटर बोट की सवारी
Zee News
पतरातू डैम में सैलानियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अब टूरिस्ट मोटर बोट की सवारी यहां कर सकेंगे. इलाके की विधायक अम्बा प्रसाद ने मोटर बोट को खुद पतरातू डैम में चलाकर इसकी शुरुआत कर दी है.
Ramgarh: झारखंड के रामगढ़ जिले में स्थित पतरातू, एक खूबसूरत घाटी नगर है, जो अपने मनमोहक वातावरण, पहाड़ी सौंदर्य, और बांध के लिए जाना जाता है. पतरातू में सैलानियों की सालों भर भीड़ रहती है. देश के अलग-अलग राज्यों से सैलानी अपने दोस्तों और परिवारों के साथ पतरातू लेक रिसोर्ट और मनोरम वादियों का दीदार करने आते हैं. सैलानियों की बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए अब टूरिस्ट मोटर बोट की सवारी भी यहां उपलब्ध है.
इलाके की विधायक अम्बा प्रसाद ने मोटर बोट को खुद पतरातू डैम में चलाकर इसकी शुरुआत कर दी है. विधायक अम्बा ने कहा, 'नाविकों के सम्मान में खुद नाव चलाकर बहुत ही अच्छा लगा. ये एक टूरिस्ट पैलेस है, झारखंड के अलावा दूसरे प्रदेशों से लोग यहां आते हैं. यह अब एक ऐसा हब बन चुका है कि लोग यहां शूटिंग करने भी आ रहे है.' अंबा प्रसाद ने आगे कहा कि मोटर बोट चलने से नाविकों की आर्थिक स्थिति और मजबूत होगी.
