
पंजाब में बड़ा सियासी संकट, कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से दिया इस्तीफा
Zee News
पंजाब कांग्रेस में एक बार फिर घमासान शुरू हो गया है. कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है. पंजाब का नया मुख्यमंत्री चुनने के लिए आज शाम विधायकों की बैठक होगी.
चंडीगढ़: कैप्टन अमरिंदर सिंह (Amarinder Singh) ने पंजाब के मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया है. शनिवार को सीएलपी बैठक से पहले उन्होंने राजभवन पहुंचकर राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा है.
नए मुख्यमंत्री का चुनाव करने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक आज शाम पांच बजे होगी. नए मुख्यमंत्री के तौर पर सुनील जाखड़ का नाम सबसे आगे चल रहा है. आज सुनील जाखड़ ने एक ट्वीट किया था. जिसमें उन्होंने लिखा, 'राहुल गांधी ने पंजाब कांग्रेस के विवाद को सुलझाने के लिए जो कदम उठाया है उस साहसी निर्णय से कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह है. इसके साथ ही अकालियों को झकझोर कर रख दिया है.' बैठक के लिए पंजाब कांग्रेस भवन में गतिविधियां तेज हो गई है. पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत और दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक अजय माकन व हरीश राय चौधरी चंडीगढ़ पहुंच गए हैं.
