
पंजाब में कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने से लेकर कुर्सी छोड़ने तक कैसा रहा अमरिंदर सिंह का सफर
Zee News
पंजाब में 10 साल बाद मिली जीत से कांग्रेस को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीदें जग गई थीं, लेकिन अब पार्टी की प्रदेश इकाई में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है और इसी आपसी उठापटक के चलते आखिरकार आज अमरिंदर सिंह को सीएम के पद से इस्तीफा देना पड़ा.
चंडीगढ़: कांग्रेस के सबसे मजबूत क्षेत्रीय छत्रपों में गिने जाने वाले अमरिंदर सिंह वो नेता हैं जिन्होंने पंजाब में पिछले विधानसभा चुनाव में शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी से कड़े मुकाबले में दोनों को शिकस्त देकर कांग्रेस की राज्य की सत्ता में वापसी कराई.
कांग्रेस में सम्मानित और मशहूर नेता की शख्सियत रखने वाले 79 वर्षीय अमरिंदर ने 2017 के चुनाव में 117 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस को जबरदस्त जीत दिलाई और दूसरी बार रियासत के मुख्यमंत्री बने और इस तरह उन्होंने दिल्ली से बाहर अपनी जड़ें जमाने की कोशिश कर रही आम आदमी पार्टी के सपनों का जनाज़ा निकाल दिया.
