
पंजाब के बाद कांग्रेस का 'ऑपरेशन' राजस्थान! पायलट ने की राहुल-प्रियंका से मुलाकात
Zee News
पंजाब के बाद कांग्रेस नेतृत्व राजस्थान और छत्तीसगढ़ की समस्या का समाधान करना चाहता है। छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ढाई-ढाई साल के लिये शीर्ष पद के बंटवारे को लेकर कथित मौखिक समझौते का हवाला देकर भूपेश बघेल को मुख्यमंत्री के पद से हटाने की मांग कर रहे हैं।
नई दिल्ली: राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और संगठन में फेरबदल की अटकलों के बीच कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा (Priyanka Gandhi) से मुलाकात की. राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री पायलट की राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से यह मुलाकात पंजाब में हुए नाटकीय घटनाक्रम के कुछ दिन बाद हुई है, जिसमें कांग्रेस ने अमरिंदर सिंह की जगह दलित नेता चरणजीत सिंह चन्नी को राज्य का मुख्यमंत्री बनाया.
पायलट ने पिछले सप्ताह भी राहुल गांधी से मुलाकात की थी. उन्होंने शुक्रवार को राहुल गांधी से दिल्ली के तुगलक रोड स्थित उनके आवास पर मुलाकात की और इस दौरान प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं. पंजाब के घटनाक्रम के बाद से ही कांग्रेस के सत्ता के गलियारे में राजस्थान को लेकर चर्चा है, जहां पर पायलट और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बीच नेतृत्व को लेकर खींचतान चल रही है. वहीं, छत्तीसगढ़ राहुल गांधी की सूची में अगले स्थान पर है, जहां उन्हें पार्टी की समस्या का समाधान करना है.
