
नोएडा: इंस्पेक्टर ने सीजीएसटी की महिला डिप्टी कमिश्नर को भेजा अश्लील मैसेज, गिरफ्तार
Zee News
आरोपी की पहचान अर्पित मलिक इंस्पेक्टर सीजीएसटी ऑडिट नोएडा के रूप में हुई है. आरोपी को शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है.
नोएडा: एक इंस्पेक्टर द्वारा अपने ही विभाग की महिला अधिकारी को अश्लील और धमकी भरे मैसेज भेजने का मामला बीते सोमवार को सामने आया था. आरोपी की पहचान अर्पित मलिक इंस्पेक्टर सीजीएसटी ऑडिट नोएडा के रूप में हुई है, जिसका कार्यालय सेक्टर 62 नोएडा में था. इस मामले में पुलिस आरोपी इंस्पेक्टर की तलाश कर रही थी. उसे शुक्रवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने यह जानकारी शनिवार को दी.
क्या है मामला नोएडा में सेंट्रल गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (सीजीएसटी) विभाग की एक महिला अधिकारी ने नोएडा के फेस 3 थाने में 19 सितंबर को एक शिकायत दर्ज कराई थी. इसमें महिला अधिकारी ने कहा था कि उनके ही दफ्तर में इंस्पेक्टर रैंक का एक अधिकारी उन्हें व्हाट्सएप पर अनुचित टिप्पणियां भेजता है, उन्हें कई बार उसने अपशब्द भी लिखे हैं और उन्हें जान से मारने की धमकी भी देता है.
