
नकली पासपोर्ट पर असली वीजा लगाने वाले गैंग का भंडाफोड़, पुलिस ने 5 बांग्लादेशियों को धर दबोचा
Zee News
IGI Airport पर 6 जालसाजों को गिरफ्तार किया गया है. इनमें से 5 लोग बांग्लादेशी थे. यह गैंग नकली पासपोर्ट पर असली वीजा लगाकर लोगों को विदेश भेजता था.
नई दिल्ली: इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI Airport) पुलिस ने 5 बांग्लादेशियों समेत 6 जालसाज लोगों को गिरफ्तार किया है. ये जालसाज, लोगों से लाखों रुपए ठगकर नकली पासपोर्ट पर असली वीजा लगवाते थे और उन्हें विदेश भेजने के गोरखधंधे को अंजाम दे रहे थे.
दरअसल 11 सितंबर को IGI एयरपोर्ट से 3 लोग सर्बिया (Serbia) जा रहे थे तभी उनको CISF ने चेकिंग के लिए रोका. चेकिंग के दौरान उनके पास मिले पासपोर्ट चेक किए गए तो उनके पासपोर्ट जाली निकले. इनसे आगे की पूछताछ के बाद इनके तीन साथियों को गिरफ्तार किया गया तो उनके पास से 27 पासपोर्ट बरामद हुए. ये सभी पासपोर्ट इंडिया, बांग्लादेश और नेपाल के हैं. इनके पास से 15 स्टाम्प भी मिली हैं जो अलग-अलग देशों की हैं जैसे इंडोनेशिया, श्रीलंका, बांग्लादेश, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया आदि.
