
देश में कोरोना से कोहराम, अस्पतालों के लिए बड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों का इंतजाम करने में जुटा DRDO
NDTV India
एक सिलेंडर 80 लीटर की जल क्षमता वाला है और और इसे 130 बार तक प्रेशराइज किया जा सकता है. इस प्रकार इन सिलेंडरों में 10,000 लीटर ऑक्सीजन का भंडारण किया जा सकता है. इतनी ही क्षमता वाले 40 ऑक्सीजन सिलेंडर को सरदार पटेल कोविड सेंटर, राधा स्वामी सत्संग ब्यास छतरपुर, नई दिल्ली के लिए आज कैबिनेट सचिवालय के अधिकारियों को सौंपा जा रहा है.
देश में कोरोनावायरस (Coronavirus) के मामलों में उछाल के साथ स्वास्थ्य व्यवस्था चरमरा गई है. देश के विभिन्न हिस्सों से ऑक्सीजन सिलेंडर की किल्लत की खबरें सामने आ रही हैं. यहां तक कि अस्पतालों में भी कोरोना मरीजों को सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है. मरीजों के परिजनों को ऑक्सीजन सिलेंडर लेकर एजेंसियों के बाहर घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ रहा है. इस बीच, रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) विभिन्न अस्पतालों की आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए बड़े आकार के ऑक्सीजन सिलेंडर का प्रबंध कर रहा है. इस संबंध में रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन ने गुरुवार को दिल्ली सरकार को 75 ऐसे सिलेंडरों की आपूर्ति की है.











