
देश के भविष्य के लिए अहम भूमिका निभाएगी नई शिक्षा नीति : पीएम मोदी
NDTV India
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, बीते एक वर्ष में सभी महानुभावों, शिक्षकों, नीतिकारों ने इसे धरातल पर उतारने में बहुत मेहनत की है.ये महत्वपूर्ण अवसर ऐसे समय में आया है, जब देश आजादी के 75 साल का अमृत महोत्सव मना रहा है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा है कि नई शिक्षा नीति (New Education Policy) देश के भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. राष्ट्रीय शिक्षा नीति का एक साल पूरा होने पर पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, 'बीते एक वर्ष में सभी महानुभावों, शिक्षकों, नीतिकारों ने इसे धरातल पर उतारने में बहुत मेहनत की है.ये महत्वपूर्ण अवसर ऐसे समय में आया है, जब देश आजादी के 75 साल का अमृत महोत्सव मना रहा है. ऐसे में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति का इंप्लीमेंटेशन आजादी के अमृत महोत्सव का प्रमुख हिस्सा बन गया है.' उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति युवाओं को ये विश्वास दिलाती है कि देश अब पूरी तरह से उनके साथ है, उनके हौसलों के साथ है. जिस आर्टिफिसियल इंटेलीजेंस के प्रोग्राम को अभी लॉन्च किया गया है, वो भी हमारे युवाओं को फ्यूचर ओरिएंटेड' बनाएगा, इस मौके पर उन्होंने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को एक साल पूरा होने पर सभी देशवासियों, विशेषकर विद्यार्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित कीं.











