
दिहाड़ी मजदूर की बेटी ने पास किया UPSC एग्जाम, चौथे प्रयास में ऐसे मिली सफलता
Zee News
S Aswathy Success Story: केरल के तिरुवनंतपुरम की रहने वाली एस अस्वथी (S Aswathy) को चौथे प्रयास में सफलता मिली है और उन्होंने 481वीं रैंक हासिल की. एग्जाम पास करने के बाद अस्वथी ने बताया कि पिछले 15 साल से सिविल सर्वेंट (Civil Servant) बनना उनका एक सपना था.
नई दिल्ली: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने पिछले महीने सिविल सेवा एग्जाम 2020 (CSE Exam 2020) के नतीजे घोषित किए थे, जिसमें बिहार के शुभम कुमार टॉपर रहे. हर साल लाखों उम्मीदवार परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन सभी सफल नहीं हो पाते हैं. इनमें से कुछ ऐसे भी होते हैं, जो लगातार असफलता के बाद भी हिम्मत नहीं हारते हैं. ऐसी ही कहानी केरल की रहने वाली एस अस्वथी (S Aswathy) की है, जिन्होंने चौथे प्रयास में सफलता हासिल की और 15 साल पुराना सपना पूरा किया.
27 वर्षीय एस अस्वथी (S Aswathy) जब आठवीं क्लास में थीं, तब उन्होंने आईएएस अधिकारी बनने का सपना देखा था. 12वीं के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने का फैसला किया और तिरुवनंतपुरम के गवर्नमेंट बार्टन हिल इंजीनियरिंग कॉलेज में एडमिशन लिया. 2015 में जब अस्वथी कॉलेज के अंतिम साल में थी तब उनका प्लेसमेंट टीसीएस कोच्चि में हो गया, लेकिन उनके मन में सिविल सर्वेंट बनने का सपना अभी भी था.
