
दिल्ली में सस्ती होगी शराब पर यूपी के अधिकारियों की उड़ी नींद; ये है वजह
Zee News
दिल्ली में जल्द ही शराब की कीमतें कम होने वाली हैं. ये खबर शराब प्रेमियों के लिए भले ही अच्छी है, लेकिन इसने उत्तर प्रदेश के अधिकारियों की नींद उड़ा रखी है. उन्हें डर है कि दिल्ली में दाम घटते ही तस्करी में तेजी आ जाएगी. इसी को लेकर हाल ही में एक बैठक भी आयोजित की गई थी.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली (Delhi) में रहने वाले शराब (Liquor) के शौकीन लोगों के लिए अच्छी खबर है. यहां जल्द ही शराब सस्ती होने वाली है. हालांकि, इस खबर के बाद से गाजियाबाद और नोएडा के अधिकारियों की नींद उड़ गई है. दरअसल, अधिकारियों को आशंका है कि शराब सस्ती होने के साथ ही उसकी तस्करी बढ़ जाएगी. इसी को लेकर वो टेंशन में हैं. तस्करी की रोकथाम को लेकर बुधवार को आबकारी विभाग के मेरठ जोन के उच्च अधिकारियों की एक बैठक भी गाजियाबाद में हुई थी.
इस बैठक में तय किया गया कि दिल्ली से सटे क्षेत्रों में नए चेकिंग पॉइंट बनाए जाएं और दिन-रात तस्करी रोकने के लिए निगरानी की जाए. बता दें कि दिल्ली में नई आबकारी नीति नवंबर से लागू होगी. नई आबकारी नीति के लागू होने के साथ ही दिल्ली में शराब सस्ती हो जाएगी. इसके बाद दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बीयर एवं विदेशी मदिरा के मूल्यों में भारी अंतर रहने की संभावना है.
