
दिल्ली में फिर कब होगी बारिश, मौसम विभाग ने बताया
Zee News
मौसम विभाग के अनुसार, सुबह साढ़े आठ बजे हवा में आर्द्रता का स्तर 93 प्रतिशत रहा. बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है. दिल्ली में बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही.
नयी दिल्ली: राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को सुबह बारिश होने के साथ ही न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक, 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी. दिल्ली में बारिश के बावजूद वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही. सुबह आठ बजकर पांच मिनट पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 324 रहा.
मध्यम बारिश का पूर्वानुमान मौसम विभाग ने दिन में आसमान में बादल छाने के साथ ही हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान लगाया है. इसके साथ ही गरज के साथ छींटे पड़ने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना है. आईएमडी के अनुसार, दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (हिंडन वायु सेना स्टेशन, लोनी देहात, गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, इंद्रपुरम, गुरुग्राम) के आसपास और समीपवर्ती इलाकों में अगले दो घंटे में हल्की से मध्यम बारिश होने तथा गरज के साथ छींटे पड़ने के साथ ही 20-30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है. सफदरजंग वेधशाला ने बताया कि सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे में राष्ट्रीय राजधानी में 0.6 मिमी बारिश हुई.
