
दिल्ली के नजफगढ़ और ढांसा बस स्टैंड के बीच ग्रे लाइन मेट्रो शुरू, लाखों यात्रियों को मिलेगा लाभ
Zee News
शनिवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने नजफगढ़ और ढांसा बस स्टैंड के बीच ग्रे लाइन मेट्रो को हरी झंडी दिखा दी है.
नई दिल्ली: दिल्ली मेट्रो की ग्रे लाइन पर शनिवार शाम 5 बजे से नजफगढ़ और ढांसा बस स्टैंड स्टेशन के बीच यात्रियों के लिए मेट्रो सेवाएं शुरू कर दी गई. इससे ढांसा बस स्टैंड और नजफगढ़ इलाके के गांवों और कॉलोनियों में रहने वाले लाखों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी. इन स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवा शुरू होने से अब लोग बहुत कम समय में दिल्ली की यात्रा कर सकते हैं.
इस 891 मीटर लंबे नजफगढ़-ढांसा बस स्टैंड सेक्शन पर मेट्रो सेवाएं शुरू होने का इंतजार क्षेत्र के लोग काफी लंबे समय से कर रहे थे. दरअसल ढांसा बस स्टैंड और नजफगढ़ के बीच चल रहे एक सड़क निर्माण में देरी के कारण मेट्रो के प्रोजेक्ट के उद्घाटन में एक महीने की देरी हुई है. पहले इस सेक्शन का उद्घाटन 6 अगस्त को तय किया गया था, लेकिन स्टेशन तक संपर्क मार्ग न होने के कारण इसे दो दिन के लिए स्थगित कर दिया गया था. 20 मई को स्टेशन के निर्माण स्थल के पास बारिश के कारण सड़क के क्षतिग्रस्त होने की वजह से मेट्रो सेवाएं शुरू होने में भी देरी हुई. इसके दोबारा निर्माण में लगने वाले वक्त की वजह से सेवाओं की शुरुआत की तारीख बढ़ाई गई.
