
दाढ़ी कटवाई या ट्रिम करवाई तो खैर नहीं; अफगानिस्तान में तालिबान सरकार का फरमान जारी
Zee News
तालिबान की धार्मिक पुलिस ने कहा है कि नियम का उल्लंघन करने वाले को दंडित किया जाएगा. सैलूनों को इस आशय को नोटिस भी भेजा जा चुका है.
नई दिल्लीः तालिबान ने अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत में हेयरड्रेसर पर दाढ़ी बनाने या दाढ़ी काटने पर यह कहते हुए प्रतिबंध लगा दिया है कि यह इस्लामी कानून की उनकी व्याख्या का उल्लंघन है. बीबीसी की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है. तालिबान की धार्मिक पुलिस ने कहा है कि नियम का उल्लंघन करने वाले को दंडित किया जाएगा. राजधानी काबुल में कुछ नाइयों ने कहा कि उन्हें भी इसी तरह के आदेश मिले हैं.
हेयरड्रेसर को धमकाकर जाते हैं तालिबान के लड़ाके बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, हेलमंद प्रांत में सैलून में दिए गए एक नोटिस में तालिबान अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि हेयरड्रेसर को बाल और दाढ़ी कटवाने के लिए शरिया कानून का पालन करना चाहिए. नोटिस में कहा गया है कि किसी को भी इस बारे में शिकायत करने का अधिकार नहीं है. काबुल में एक नाई ने कहा, लड़ाके आते रहते हैं और हमें दाढ़ी काटने से रोकने का आदेश देते हैं. उनमें से एक ने मुझसे कहा कि वे हमें पकड़ने के लिए अंडरकवर इंस्पेक्टर भेज सकते हैं.
