
तीन दिवसीय भारत दौरे पर पहुंची डेनमार्क की PM मेटे फ्रेडरिक्सन, दोनों देशों के बीच हुए कई समझौते
Zee News
PM मोदी और डेनमार्क PM मेटे फ्रेडरिक्सन ने शनिवार को स्वास्थ्य, कृषि, जल प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने को लेकर 'उपयोगी' बातचीत की.
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिक्सन (Mette Frederiksen) के बीच शनिवार को सार्थक वार्ता हुई और दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य, कृषि, जल प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन और अक्षय उर्जा के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ाने पर सहमति जताई. इस वार्ता के बाद पीएम मोदी ने कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-डेनमार्क हरित रणनीतिक साझेदारी के तहत हुई प्रगति की समीक्षा की और बहुत सारे क्षेत्रों में सहयोग को आगे और विस्तार देने को लेकर चर्चा की.
इस बातचीत के दौरान दोनों पक्षों ने साइंस एंड टेक्नोलॉजी, जलवायु परिवर्तन और कौशल विकास के क्षेत्रों में चार समझौते भी किए. प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, 'आज से 1 साल पहले, हमने भारत और डेनमार्क के बीच हरित रणनीतिक साझेदारी स्थापित करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था. यह हम दोनों देशों की दूरगामी सोच और पर्यावरण के प्रति सम्मान का प्रतीक है.'
