
तालिबान का खौफः एअर इंडिया की उड़ान काबुल से 129 यात्रियों को लेकर दिल्ली के लिए रवाना
Zee News
अफगानिस्तान में तालिबान के कब्जे के बाद भारत, पाकिस्तान, अमेरिका समेत दुनिया के कई देश अपने नागरिकों को सुरक्षा के लिहाज से काबलु से निकाल रहे हैं. हालांकि इस बीच तालिबान ने किसी भी नागरिकों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाने का भी आश्वासन दिया है.
नई दिल्लीः तालिबान के अफगानिस्तान की राजधानी में प्रवेश करने के बाद काबुल से दिल्ली के लिए एअर इंडिया की वापसी की उड़ान इतवार की शाम 129 यात्रियों को लेकर रवाना हो गई. एअर इंडिया के अधिकारियों ने कहा कि एयरलाइन की दिल्ली-काबुल-दिल्ली उड़ान रद्द करने की अभी तक कोई योजना नहीं है और यह सोमवार को भी परिचालित होने वाली है. फिलहाल, एअर इंडिया केवल भारत और अफगानिस्तान के बीच उड़ानें परिचालित कर रही है. अधिकारियों ने कहा कि एयरलाइन ने रविवार दोपहर लगभग 40 यात्रियों के साथ दिल्ली-काबुल उड़ान (एआई-243) का परिचालन किया. अधिकारियों ने कहा कि (भारतीय समयानुसार) दोपहर करीब पौने एक बजे एआई-243 उड़ान दिल्ली से रवाना हुई और उसे काबुल हवाईअड्डे के आसपास आसमान में करीब एक घंटे तक चक्कर लगाना पड़ा क्योंकि उसे उतरने के लिये हवाई यातायात नियंत्रण (एटीसी) से अनुमति नहीं मिली थी. इसलिए रविवार को एआई-243 की उड़ान की सामान्य अवधि एक घंटे चालीस मिनट के बजाय लगभग दो घंटे पचास मिनट था. अफगानिस्तान से निकाले जाएंगे भारतीय नागरिक भारत ने इतवार को अफगानिस्तान की राजधानी के बाहरी इलाके में तालिबान लड़ाकों के प्रवेश करने की खबरों के बाद डर और दहशत से घिरे काबुल से अपने सैकड़ों अधिकारियों और नागरिकों को निकालने के लिए आपात योजना बनाई है. मामले पर नजर रख रहे लोगों ने कहा कि सरकार भारतीय दूतावास में अपने कर्मचारियों और काबुल में भारतीय नागरिकों के जीवन को जोखिम में नहीं डालेगी और आपातकालीन निकास योजनाओं को पहले ही अंतिम रूप दे दिया गया है.More Related News
