
तवांग झड़प: भारत-चीन सीमा पर अब सब ठीक है, नियंत्रण में है
Zee News
चीन ने भारत से लगती सीमा पर स्थिति को 'सामान्यत: स्थिर' बताया है. यांग्त्जी झड़प पर चुप्पी साधी है. वहीं तवांग झड़प के बाद की स्थिति पर लेफ्टिनेंट जनरल सी बी पोनप्पा ने कहा है कि सब ठीक है, नियंत्रण में है.
नई दिल्ली: अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई झड़प के कुछ दिनों बाद सेना के एडजुटेंट जनरल लेफ्टिनेंट जनरल सी बी पोनप्पा ने मंगलवार को कहा कि सब कुछ ठीक है और नियंत्रण में है. भारतीय सेना ने सोमवार को कहा था कि नौ दिसंबर को झड़प होने के कारण 'दोनों पक्षों के कुछ कर्मियों को मामूली चोटें आईं.'
सीमा विवाद पर भारत ने दी ये प्रतिक्रिया झड़प के बाद की स्थिति के बारे में पूछे जाने पर लेफ्टिनेंट जनरल पोनप्पा ने एक कार्यक्रम से इतर समाचार एजेंसी से कहा, 'सब ठीक है और नियंत्रण में है. हम सब सुरक्षित हैं.' उन्होंने सलवान पब्लिक स्कूल के वार्षिक समारोह ‘सम्मान दिवस’ में छात्रों को संबोधित किया. ड्यूटी के दौरान जान गंवाने वाले भारतीय सेना के जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
