
डिप्टी CM का छलका दर्द, छापेमारी से दिक्कत नहीं लेकिन मेरी बहनों को क्यों घसीटा....
Zee News
इनकम टैक्स विभाग ने गुरुवार को कथित टैक्स चोरी के आरोप में अजित पवार के परिवार के सदस्यों और रियल एस्टेट कारोबार से जुड़े कुछ कारोबारियों के यहां छापे मारे. इसके बाद अजित पवार का बयान आया है.
मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) की कंपनियों पर इनकम टैक्स विभाग (Income Tax Department) ने छापेमारी की. खुद अजित पवार ने इस बात की पुष्टि करते हुए कहा कि उनसे जुड़ी कंपनियों पर इनकम टैक्स विभाग की छापेमारी से उन्हें कोई परेशानी नहीं है, लेकिन वह इस बात से दुखी हैं कि उनकी बहनों को भी इसमें घसीटा गया.
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार (Ajit Pawar) के पास वित्त मंत्रालय भी है. कंपनियों पर इनकम टैक्स की छापेमारी के बाद अजित पवार ने कहा, 'चूंकि मैं वित्त मंत्री हूं, इसलिए मैं टैक्स से जुड़े सारे नियम जानता हूं. मुझसे जुड़ी सभी कंपनियों ने टैक्स का समय से भुगतान किया है.' उन्होंने कहा कि उनकी तीन बहनों से जुड़ी कंपनियों पर भी छापे मारे गए. उनकी एक बहन कोल्हापुर में और दो बहनें पुणे में रहती हैं.
