
जूनियर वकील से बने 4 हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस, जस्टिस मोहम्मद रफीक आज हो रहे सेवानिवृत
Zee News
जस्टिस मोहम्मद रफीक अपने 16 साल के न्यायिक कैरियर के बाद आज मंगलवार 24 मई को सेवानिवृत हो रहे हैं.
नई दिल्ली/जयपुर/शिमला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस मोहम्मद रफीक अपने 16 साल के न्यायिक कैरियर के बाद आज मंगलवार 24 मई को सेवानिवृत हो रहे हैं. देश की न्यायपालिका में जस्टिस मोहम्मद रफीक को अपने नैतिक आचरण, कानूनी कौशल, सादगी और सबसे बढ़कर उनकी आकर्षक मुस्कान के लिए जाना जाता है.
न्यायपालिका में जस्टिस मोहम्मद रफीक एक ऐसे शख्श हैं जिन्होंने एक अधिवक्ता के कार्यालय से जूनियर अधिवक्ता के रूप में अपना सफर शुरू किया था. लंबे समय तक राजस्थान हाईकोर्ट में फिर अधिवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनायी. जस्टिस रफीक के नाम ये एक बड़ी उपलब्धि रही है कि राजस्थान में हर राजनैतिक दल की सरकार ने उन्हें सरकारी मामलों की पैरवी के लिए अतिरिक्त महाधिवक्ता बनाया. जस्टिस रफीक के बाद ऐसा उदाहरण अब तक सामने नहीं आया हैं.
