
जानें मोदी सरकार ने देश में कैसे तैयार किया स्टार्ट अप इकोसिस्टम, आज उत्सव मनाएगा पूरा भारत
Zee News
देश में स्टार्ट अप को लेकर बनते माहौल के बीच एलांयस ऑफ डिजिटल इंडिया फाउंडेशन (AIDF) के कार्यकारी निदेशक सिजो कुरुविला ने कहा था कि देश के स्टार्ट अप परिवेश को 2030 तक दुनिया के टॉप 3 में शामिल करने की योजना तैयार की गई है.
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को घोषणा की कि अब हर वर्ष 16 जनवरी को 'नेशनल स्टार्ट अप डे' के तौर पर मनाया जाएगा. पीएम मोदी ने यह घोषणा स्टार्टअप उद्यमियों के साथ संवाद के दौरान की. दरअसल साल 2014 में देश का प्रधानमंत्री बनने के बाद ही नरेंद्र मोदी रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए नवउद्यम और स्टार्ट अप पर जोर देते रहे हैं. पीएम मोदी ने साल 2015 में स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले की प्राचीर से स्टार्ट अप इंडिया पहल की घोषणा की थी.
16 जनवरी 2016 को स्टार्ट अप इंडिया पहल की लॉन्चिंग दिल्ली के विज्ञान भवन में की गई थी. इसके बाद लगातार प्रधानमंत्री अपने भाषणों में स्टार्ट अप्स को लेकर अपनी सकारात्मक सोच लोगों के बीच रखते रहे हैं. बीते वर्ष अगस्त महीने में भी मन की बात कार्यक्रम में उन्होंने कहा था कि देश में अब स्टार्ट अप संस्कृति विकसित हो रही है और ये देश के उज्जवल भविष्य का संकेत है.
