
जयशंकर ने पूर्वी लद्दाख के मुद्दे पर चीनी विदेश मंत्री से की समाधान की वकालत
Zee News
दुशान्बे में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन से इतर एक बैठक में गुरुवार को भारत व चीन के विदेश मंत्रियों ने क्षेत्र में वर्तमान हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया.
नई दिल्लीः विदेश मंत्री एस जयशंकर (S Jaishankar) ने अपने चीनी समकक्ष वांग यी (Wang Yi) से पूर्वी लद्दाख में लंबित मुद्दे के जल्द समाधान की वकालत की. उन्होंने वांग यी से कहा कि दोनों पक्षों को पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) से संबंधित लंबित मुद्दों का जल्द समाधान निकालने के लिए काम करना चाहिए. उन्होंने कहा कि चीन को भारत के साथ अपने संबंधों को किसी तीसरे देश के नजरिये से नहीं देखना चाहिए.
जल्द मुलाकात पर जताई सहमति दुशान्बे में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के शिखर सम्मेलन से इतर एक बैठक में गुरुवार को दोनों विदेश मंत्रियों ने क्षेत्र में वर्तमान हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया और इस बात पर सहमति जताई कि दोनों पक्षों के सैन्य व राजनयिक अधिकारियों को जल्द से जल्द फिर मुलाकात करनी चाहिए और लंबित मुद्दों के समाधान पर चर्चा करनी चाहिए.
