
जम्मू-कश्मीर में 36 घंटे में 5 एनकाउंटर में 7 आतंकवादी ढेर, 5 जवान हुए शहीद
Zee News
जम्मू कश्मीर में पिछले दिनों हुई आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने एक बार फिर एंटी टेरर ऑपरेशन तेज कर दिया है और आतंक का नेटवर्क खत्म करने के लिए कार्रवाई की जा रही है. पिछले 36 घंटे में 5 मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 7 आतंकवादियों को मार गिराया है.
श्रीनगर: जम्मू कश्मीर में पिछले दिनों हुई आतंकी घटनाओं के बाद सुरक्षाबलों ने एक बार फिर एंटी टेरर ऑपरेशन तेज कर दिया है और आतंक का नेटवर्क खत्म करने के लिए कार्रवाई की जा रही है. पिछले 36 घंटे में 5 मुठभेड़ों में सुरक्षाबलों ने 7 आतंकवादियों को मार गिराया है, वहीं इस दौरान सेना के 5 जवान शहीद हुए हैं. पुलिस ने दावा किया है कि उसने दो टार्गेट हत्याओं के मामलों को सुलझा लिया है.
शोपियां जिले के फेरीपोरा में हुई ताजा मुठभेड़ में दो अज्ञात आतंकवादी मारे गए. पिछले 36 घंटों में कश्मीर में यह चौथी और पांचवीं मुठभेड़ थी. इससे पहले कल (11 अक्टूबर) कश्मीर में तीन मुठभेड़ हुई थी. पहली मुठभेड़ अनंतनाग जिले के वीरिनाग इलाके में हुई, जहां पुलिस ने दावा किया कि एक आतंकवादी को मार गिराया है. इसके साथ ही एक पिस्तौल और एक ग्रेनेड बरामद किया है.
