
चीन में अब इतने बच्चे पैदा कर सकते हैं दंपति, पालन -पोषण में सरकार करेगी मदद
Zee News
नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) की स्थाई समिति ने संशोधित जनसंख्या और परिवार नियोजन कानून को पास कर दिया जिसमें चीनी दंपत्तियों को तीन बच्चे तक पैदा करने की इजाजत दी गई है.
बीजिंगः चीन की राष्ट्रीय विधायिका ने सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी के जरिए लाई गई तीन बच्चों की नीति का जुमे को औपचारिक रूप से हिमायत की है. यह नीति दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाले देश में तेजी से कम होती जन्म दर को रोकने के मकसद से लाई गई है. नेशनल पीपुल्स कांग्रेस (एनपीसी) की स्थाई समिति ने संशोधित जनसंख्या और परिवार नियोजन कानून को पास कर दिया जिसमें चीनी दंपत्तियों को तीन बच्चे तक पैदा करने की इजाजत दी गई है. चीन में बढ़ती महंगाई के कारण दंपति कम बच्चे पैदा कर रहे हैं और इन चिंताओं से निपटने के लिए कानून में ज्यादा सामाजिक और आर्थिक सहयोग के उपाय भी किए गए हैं. बच्चों के पालन-पोषण में मदद करेगी सरकार सरकारी समाचार पत्र ‘चाइना डेली’ के मुताबिक, नए कानून में बच्चों के पालन-पोषण और उनकी शिक्षा का खर्च कम करने के साथ ही परिवार का बोझ कम करने के लिए वित्त, कर, बीमा, शिक्षा, आवासीय और रोजगार संबंधी सहयोगात्मक कदम उठाए जाएंगे. इस साल मई में सत्तारूढ़ कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ चाइना ने दो बच्चों की अपनी सख्त नीति में छूट देते हुए सभी दंपतियों को तीन तक बच्चे पैदा करने की अनुमति दी थी.More Related News
