
गुलजार ने लिखी दिग्गज अभिनेता किशोर कुमार पर किताब, साझा किए कई रोचक किस्से
Zee News
87 वर्षीय लेखक गुलजार ने हाल ही में किशोर कुमार पर एक किताब लिखी है. इसका नाम 'एक्चुअली... आई मेट देम: ए मेमॉयर' रखा गया है. इसमें लेखक ने किशोर कुमार की आदतों और उनकी कुछ हरकतों का जिक्र किया है.
नई दिल्ली: कवि-गीतकार गुलजार (Gulzar) ने अपनी नई किताब में भारतीय सिनेमा जगत की दिग्गज हस्ती किशोर कुमार (Kishore Kumar) के बारे में कई रोचक बातों को साझा किया है. गुलजार की किताब 'एक्चुअली... आई मेट देम: ए मेमॉयर' (Actually ... I Met Them: A Memoir) में बताया गया है कि अपने मनमौजी स्वभाव के लिए चर्चाओं में रहने वाले किशोर कुमार एक फिल्म की शूटिंग से पहले गंजे हो गए थे.
किताब में कहा गया है कि फिल्म 'आनंद' में नायक की भूमिका निभाने से बचने के लिए 'पूरी तरह से गंजे' होने से, लेकर अपनी अलमारी के पीछे एक 'गुप्त सीढ़ी' से गायब होने तक वह निर्माताओं को परेशान करने के लिए कई तरकीबें निकाल लेते थे. गुलजार के अनुसार, अभिनेता राजेश खन्ना के बजाय किशोर कुमार शुरू में 1971 में आई फिल्म 'आनंद' में एक्टिंग करने के लिए तैयार थे. लेकिन शूटिंग से कुछ दिन पहले किशोर कुमार ने फिल्म में अपने रूप पर चर्चा के लिए एक बैठक में पूरी तरह से गंजे होकर सबको चौंका दिया था.
