
गुजरात कांग्रेस में 38 नेता सस्पेंड, चुनाव बाद बड़ा एक्शन, क्या दूसरे राज्यों के लिए भी है संदेश?
Zee News
पार्टी संयोजक बालूभाई पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि गुजरात कांग्रेस की अनुशासन समिति ने इस महीने दो बार बैठक की और अब तक 95 लोगों के खिलाफ 71 शिकायतें प्राप्त हुई हैं.
अहमदाबाद. गुजरात कांग्रेस ने शुक्रवार को कहा कि उसने दिसंबर में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में 38 पदाधिकारियों को छह साल के लिए निलंबित कर दिया है. पार्टी संयोजक बालूभाई पटेल ने संवाददाताओं को बताया कि गुजरात कांग्रेस की अनुशासन समिति ने इस महीने दो बार बैठक की और अब तक 95 लोगों के खिलाफ 71 शिकायतें प्राप्त हुई हैं.
पटेल ने बताया, 'हमने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए 38 पार्टी कार्यकर्ताओं को निलंबित कर दिया है. अन्य के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. आठ कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी गई है.' उन्होंने बताया कि सुरेंद्रनगर जिला अध्यक्ष रायभाई राठौड़, नर्मदा जिला अध्यक्ष हरेंद्र वलंद और नांदोद के पूर्व विधायक पी. डी. वसावा उन 38 लोगों में शामिल हैं जिन्हें पार्टी से निलंबित किया गया है. विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने महज 17 सीटें जीतीं थी. भारतीय जनता पार्टी ने 182 सदस्यीय सदन में रिकॉर्ड 156 सीटें जीतकर सत्ता बरकरार रखी.
