
क्रिकेट में पाकिस्तान का अंतरराष्ट्रीय अपमान, मैच खेले बिना ही वापस लौटी न्यूजीलैंड की टीम
Zee News
न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम पाकिस्तान के दौरे पर 6 दिन पहले ही पहुंच गई थी. दोनों टीमों को एक क्रिकेट सीरीज खेलनी थी और इस सीरीज का पहला मुकाबला आज रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम में शुरू होना था, लेकिन न्यूजीलैंड की टीम मैच खेलने नहीं आई.
नई दिल्ली: वर्ष 2011 में जब हिलेरी क्लिंटन (Hillary Clinton) अमेरिका की विदेश मंत्री थीं, तब उन्होंने पाकिस्तान के लिए एक बात कही थी. उन्होंने कहा था कि आप अपने घर में सांप पाल कर ये उम्मीद नहीं कर सकते कि वो सिर्फ आपके पड़ोसियों को ही डसेगा. ये सांप उन्हें भी डस सकता है, जो उसे पाल रहे हैं. ऐसा ही आज पाकिस्तान के साथ हुआ है. पाकिस्तान के रावलपिंडी में शुक्रवार से जो क्रिकेट सीरीज न्यूजीलैंड और पाकिस्तान के बीच शुरू होने वाली थी, उसे न्यूजीलैंड ने रद्द कर दिया.
न्यूजीलैंड की क्रिकेट टीम पाकिस्तान के दौरे पर 6 दिन पहले ही पहुंच गई थी. दोनों टीमों को एक क्रिकेट सीरीज खेलनी थी और इस सीरीज का पहला मुकाबला आज रावलपिंडी क्रिकेट स्टेडियम (Rawalpindi Cricket Stadium) में दोपहर ढाई बजे शुरू होना था. तय कार्यक्रम के हिसाब से पाकिस्तान की टीम समय से ग्राउंड पर पहुंच गई और स्टेडियम के अन्दर सुरक्षा के भी कड़े बंदोबस्त कर दिए गए. लेकिन काफी देर इंतजार के बाद भी न्यूजीलैंड की टीम मैच खेलने नहीं आई और इसी दौरान पता चला कि न्यूजीलैंड ने अपनी क्रिकेट टीम को सुरक्षा कारणों से वापस बुला लिया है. पाकिस्तान का इससे बड़ा अंतर्राष्ट्रीय अपमान नहीं हो सकता था.
