
कोर्ट रूम में शूटआउट का सच! जेल में रची गई साजिश, गैंगवार में गई गोगी की जान
Zee News
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को पहले से अंदेशा था पेशी के दौरान राइवल गैंग के शूटर्स गोगी पर हमला कर सकते हैं, इसलिए नॉर्दन रेंज सेल की टीम के अलावा दूसरी रेंज की स्पेशल सेल की टीम भी कोर्ट में थी लेकिन स्पेसिफिक इनपुट नहीं था कि ये वकील की ड्रेस पहनकर अंदर आ जाएंगे.
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के रोहिणी कोर्ट (Rohini Court) में हुए शूटआउट ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. क्राइम कंट्रोल के आंकड़ों के उलट अपराध की गहरी जड़ों की गवाही देती यह वारदात भले ही गैंगवार का फिल्मी सीन लगता हो लेकिन असल में इसके पीछे अपराध की दुनिया में बर्चस्व की जंग की पुरानी कहानी है. शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि रोहिणी कोर्ट में हुए शूटआउट की साजिश मंडोली जेल से रची गई थी. मंडोली जेल में ही जितेंद्र मान उर्फ गोगी का पुराना दुश्मन सुनील उर्फ टिल्लू बंद है.
जितेंद्र मान उर्फ गोगी व सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया के बीच गैंगवार का पुराना इतिहास रहा है. एक के बाद एक दोनों गैंग के सदस्यों की हत्या का सिलसिला जारी रहा. इस गैंगवार के बाद टिल्लू पर शक की सुई घूम रही है. क्योंकि शुरुआती जांच में सामने आ रहा है कि दिल्ली के मंडोली जेल से ही गोगी की हत्या की साजिश रची गई. टिल्लू ताजपुरिया मंडोली जेल के हाई रिस्क वार्ड में बंद है, टिल्लू के कई गुर्गे भी इसी जेल में बंद हैं. गोगी की हत्या का प्लान बनाने के बाद टिल्लू ने जेल के बाहर मौजूद गुर्गों से शूटआउट को अंजाम दिलवाया. दिल्ली पुलिस स्पेशल सेल की टीम टिल्लू ताजपुरिया से जल्द पूछताछ कर सकती है.
