
कोरोना से रिकवर हुए लोगों में गैंग्रीन और गंभीर सूजन जैसी समस्याएं आईं सामने, दिल्ली के इस अस्पताल में मिले 5 मरीज..
Zee News
दिल्ली में कोरोना से ठीक हुए लोगों के गॉल ब्लैडर में गैंग्रीन की समस्या और गंभीर सूजन जैसे मामले सामने आए हैं. इस बीमारी के बारे में सर गंगाराम अस्पताल के डॉ. अरोड़ा ने सचेत करते हुए कहा कि बुखार के साथ-साथ उल्टी, और पेट दर्द के लक्षण नजर आने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
नई दिल्ली: कोरोना वायरस को भारत में अपने पैर पसारे 1.5 साल से ज्यादा का समय हो चुका है. इन 1.5 सालों में कोरोना संक्रमण के अलावा लोगों में अलग-अलग तरह की कई पोस्ट कोविड बीमारियां सामने आईं हैं. हाल ही में पोस्ट कोविड बीमारियों की इस कड़ी में कोविड से रिकवर हुए मरीजों के गॉल ब्लैडर में गैंग्रीन (Gangrene) जैसी गंभीर समस्याएं देखीं गई हैं.
दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में कोविड से रिकवर हुए 5 मरीजों को बुखार, पेट में तेज दर्द और उल्टी की शिकायतें थी. जांच करने पर डॉक्टरों ने पाया कि इन मरीजों के गॉल ब्लैडर में गैंग्रीन की समस्या है. गंगाराम अस्पताल के इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड गेस्ट्रोएंट्रोलॉजी डिपार्टमेंट के प्रोफेसर डॉ अनिल अरोड़ा के मुताबिक कोविड से ठीक हुए मरीजों में इस तरह के मामले पहली बार देखे गए हैं. कोविड से रिकवर हुए जिन 5 मरीजों के गॉल ब्लैडर में गैंग्रीन की समस्या सामने आई है उनकी उम्र 37 साल से 75 साल के बीच की ही रही है.
