
कोरोना : दिल्ली में आज 8,500 नए केस आए सामने, संक्रमण दर भी गिरकर 12% पर आई : CM अरविंद केजरीवाल
NDTV India
दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में 10 अप्रैल के बाद पहली बार 10 हज़ार से कम नए कोरोना मरीज मिले हैं और पॉजिटिविटी रेट 12 % है.
दिल्ली में कोरोना केसों में लगातार कमी आ रही है. इसका असर संक्रमण दर पर भी पड़ा है और गिरावट के साथ यह 12% पर आ गई है. सीएम अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को डिजिटल प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि दिल्ली में आज करीब 8500 केस आए हैं.दिल्ली में 10 अप्रैल के बाद पहली बार 10 हज़ार से कम नए कोरोना मरीज मिले हैं. उन्होंने कहा कि दिल्ली में 20 अप्रैल को 28 हजार से ज्यादा केस आए थे आज करीब 8500 आए हैं. संक्रमण दर भी कम हुई्र है. 22 अप्रैल को यह 36 फ़ीसदी पर पहुंच गई थी. इसका मतलब अब दिल्ली में लोग कम बीमार पड़ रहे हैं. अस्पतालों में भर्ती बहुत कम हो गई है. पिछले 10 दिनों में अस्पतालों में 3000 बेड खाली हो गए हैं. अस्पतालों में एडमिट होने में परेशानी नहीं हो रही, हालांकि आईसीयू के बेड ज्यादा खाली नहीं हो रहे. इसका मतलब गंभीर मरीजों की संख्या अभी है.










