
कोरोना टीकाकरण के लिए "जान है तो जहान है" अभियान शुरू होगा : मुख्तार अब्बास नकवी
NDTV India
उन्होंने कहा कि 21 जून 2021 को अल्पसंख्यक बाहुल्य जिला रामपुर (यूपी) से शुरू होने वाला जान है तो जहान है अभियान देश के विभिन्न स्थानों पर होगा. केंद्रीय मंत्री ने बताया कि कुछ निहित स्वार्थी तत्वों ने देश के कुछ क्षेत्रों में कोरोना वैक्सीन को लेकर अफवाहों और आशंकाओं का माहौल बनाने की कोशिश की है.
केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहां कहा कि 21 जून 2021 से देश भर के ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता लाने एवं आशंकाओं-अफवाहों को रोकने के लिए "जान है तो जहान है" अभियान शुरू होगा. नकवी ने कहा कि अल्पसंख्यक कार्य मंत्रालय विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक संस्थाओं, स्वयं सहायता समूहों, महिला सेल्फ हेल्प ग्रुप आदि को साथ लेकर देश के ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में कोरोना वैक्सीनेशन के प्रति जागरूकता के लिए "जान है तो जहान है" अभियान शुरू कर रहा है. इस अभियान में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक, शैक्षिक, मेडिकल एवं विज्ञान एवं अन्य क्षेत्रों के प्रमुख लोगों के सन्देश, नुक्कड़ नाटक आदि के जरिये सकारात्मक सन्देश दिया जायेगा.












