
कॉर्डेलिया क्रूज समंदर की लहरों पर सवार, पर्यटकों ने शेयर किया एक्सपीरियंस
Zee News
केरल लॉकडाउन में छुट्टियों मनाने के लिए एक सुरक्षित जगह है. टीकाकरण से लेकर बायो-बबल मॉडल तक सब है. कंपनी ने कोर्डेलिया क्रूज के केरल में पहुंचने पर मिले गर्मजोशी भरे स्वागत के लिए केरल पर्यटन विभाग का आभार जताया.
तिरुवनंतपुरम: कोरोना काल (Corona Era) में पर्यटकों को वर्ल्ड क्लास क्रूज का अनुभव देने के लिए कॉर्डेलिया क्रूज (Cordelia Cruises) समंदर की लहरों पर सवार है. 1200 पर्यटकों को लक्षद्वीप के टूर (Lakshadweep Tour) पर लेकर निकला कॉर्डेलिया लग्जरी क्रूज केरल के कोच्चि बंदरगाह के नए बने क्रूज टर्मिनल पर बुधवार को पहुंचा.
कोरोना काल के बाद पर्यटन व्यवसाय धीरे-धीरे ही सही पटरी पर लौटने लगा है. इसी कड़ी में बुधवार को केरल के कोच्चि बंदरगाह पर नए शुरू हुए क्रूज टर्मिनल पर पहला लग्जरी क्रूज लाइनर एमवी एम्प्रेस मुंबई से पहुंचा. इस क्रूज लाइनर में 1200 पर्यटक लक्षद्वीप भ्रमण के लिए निकले थे. क्रूज टर्मिनल पर कॉर्डेलिया कुछ देर के लिए रुका, जिसके बाद 300 यात्री तट के दिलकश नजारों का लुत्फ लेने के लिए उतर गए. केरल पर्यटन विभाग ने सैलानियों का गर्मजोशी से स्वागत किया और मार्शल वेलाकाली नर्तकों और महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में उनका अभिवादन किया.
