
केरल में कोरोना का जबरदस्त कहर, 22,056 नए मामले सामने आए, 131 लोगों की हुई मौत
NDTV India
देश में कोरोना के मामले एक बार फिर से पांव पसारने लगा है. पिछले 20 दिनों में बुधवार को सबसे ज्यादा मामले सामने आए. 50% केरल से और 30% मामले महाराष्ट्र और उत्तर पूर्व के राज्यों से हैं. दूसरी लहर के दौरान 4 लाख से गिरकर रोजाना 1 लाख मामलों के आंकड़े आने में 37 दिन लगे पर, अब 51 दिनों से रोज़ाना मामलों के आंकड़े 40 हजार के आसपास थम से गए हैं.
केरल में बुधवार को कोविड-19 के 22,056 नए मामले सामने आए, जिससे संक्रमण के मामलों की कुल संख्या बढ़कर 33,27,301 हो गई, जबकि 131 और लोगों की मौत होने के साथ वायरस से मरने वालों की संख्या बढ़कर 16,457 हो गई. राज्य सरकार की एक विज्ञप्ति में कहा गया है कि 17,761 लोग संक्रमण से ठीक हुए, जिससे अब तक कुल ठीक होने वालों की संख्या बढ़कर 31,60,804 हो गई है. राज्य में अब उपचाराधीन मरीजों की संख्या 1,49,534 हो गई है.











