
केरल और कर्नाटक में हिजाब पर क्यों बढ़ गई है चर्चा, जानें पूरा मामला
Zee News
कर्नाटक में एक कॉलेज ने छात्राओं को हिजाब पहनने से रोका तो विरोध शुरू हो गया है. कुछ छात्राओं का कहना है कि हिजाब पहनना उनका संवैधानिक अधिकार है. वहीं राज्य सरकार ने कॉलेज में ड्रेस कोड की स्टडी के लिए एक हाई लेवल कमेटी भी गठित कर दी है. इसके अलावा कर्नाटक के पड़ोसी राज्य केरल में राज्य सरकार ने हिजाब पहनने की एक छात्रा की मांग ठुकरा दी है.
नई दिल्ली. दक्षिण भारत के दो राज्यों में इस वक्त हिजाब को लेकर विवाद तेज होता दिख रहा है. दरअसल कर्नाटक के उडूपी जिले में सरकारी महिला कॉलेज ने ऑनलाइन क्लास के दौरान छात्राओं से हिजाब न पहनने को कहा था. इस पर मुस्लिम समुदाय की कई छात्रा तो बिना हिजाब के ऑनलाइन क्लास के लिए तैयार हो गईं लेकिन 8 छात्राओं ने इसका विरोध किया. कॉलेज ने इन छात्राओं पर रोक लगा दी.
प्रदर्शनरत छात्राओं का कहना है कि हिजाब पहनना उनका संवैधानिक अधिकार है. छात्राओं ने यह कहते हुए क्लास में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया है कि ये पक्षपातपूर्ण है. राज्य के शिक्षा मंत्री बीसी नागेश ने इसे अंतरराष्ट्रीय षड्यंत्र बताया है. उन्होंने सवाल किया है कि ऐसी समस्या देश के केवल कुछ हिस्सों में ही क्यों आती है? उन्होंने कहा-इसके पीछे देशविरोधी ताकतें काम कर रही हैं.
