
केजरीवाल पर CM योगी का तंज: एक छोटी सी दिल्ली तो संभलती नहीं, UP में फ्री-फ्री करने आ गए
Zee News
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले प्रदेश में रामनवमी, दुर्गापूजा, रामलीला पर कर्फ्यू लग जाता था. प्रशासन का डंडा चलता था. अब ऐसा नहीं है. वे लोग आस्था को कैद रखते थे. अब ऐसा नहीं है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर भारतीय जनता पार्टी की तैयारियां जोरों पर हैं. यूपी भाजपा संगठन इन दिनों लखनऊ में सामाजिक प्रतिनिधि सम्मेलन का आयोजन करा रहा है. मंगलवार को राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में लोध-राजपूत सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधित किया. अपने संबांधन में मुख्यमंत्री योगी ने अपनी सरकार की साढ़े चार वर्ष की उपलब्धियां गिनाने के साथ पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय कल्याण सिंह के योगदान पर प्रकाश डाला. साथ भगवान श्रीराम पर उमड़े विपक्षी दलों के प्रेम को लेकर भी कटाक्ष किया.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में लंबे समय तक सत्ता का सुख भोगने वाले वोट बैंक की खातिर भगवान श्रीराम को भी गाली देने से नहीं चूकते थे. इन लोगों ने अयोध्या में भगवान श्रीराम राम का मंदिर बनाने को लेकर तमाम तरह की बाधाएं भी पैदा की. आज ऐसा समय आ गया है कि ये सभी दल भगवान श्रीराम की शरण में हैं. अयोध्या जाने तक से इनको परहेज था, आज हर दूसरे दिन कोई ना कोई नेता रामलला का आशीर्वाद लेने जरूर जाता है. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी सीएम योगी आदित्यनाथ ने कटाक्ष किया.
