
केजरीवाल ने मोदी को बताया दिल्ली जीतने का फॉर्मूला, कहा- पीएम मेरे बड़े भाई
Zee News
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के बजट को गृह मंत्रालय द्वारा मंजूरी दिए जाने के कुछ घंटे बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना ‘बड़ा भाई’ बताते हुए कहा कि वह केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं.
नई दिल्लीः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली सरकार के बजट को गृह मंत्रालय द्वारा मंजूरी दिए जाने के कुछ घंटे बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना ‘बड़ा भाई’ बताते हुए कहा कि वह केंद्र के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं. केजरीवाल ने दिल्ली विधानसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यदि केंद्र और राज्य सरकार के बीच कोई टकराव नहीं होता, तो दिल्ली में 10 गुना अधिक विकास हुआ होता.
बताया दिल्ली जीतने का फॉर्मूला केजरीवाल ने कहा कि यदि प्रधानमंत्री दिल्ली जीतना चाहते हैं, तो उन्हें पहले शहर के लोगों का दिल जीतना होगा. उन्होंने कहा, ‘यह मेरा उसके लिए मंत्र है.’ उन्होंने कहा, ‘आप बड़े भाई हैं और मैं छोटा भाई. यदि आप मेरा समर्थन करते हैं, तो मेरी ओर से भी ऐसा किया जाएगा. यदि आप छोटे भाई का दिल जीतना चाहते हैं, तो उसे प्रेम करें.’ केजरीवाल ने यह भी कहा कि दिल्ली सरकार के बजट को मंजूरी के लिए केंद्र के पास भेजने की प्रथा संविधान और लोकतंत्र के मूल ढांचे के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि प्रावधान न्यायिक पड़ताल में "दो मिनट" भी नहीं टिक पाएगा.
