
किसी भी राज्य ने नहीं कहा, उनके यहां ऑक्सीजन की कमी से मौत हुई : सरकार के बचाव में बोले संबित पात्रा
NDTV India
संबित पात्रा ने कहा कि किसी भी राज्य ने ऑक्सीजन की कमी को लेकर हुई मृत्यु पर कोई आंकड़ा नहीं भेजा. किसी ने ये नहीं कहा कि उनके राज्य में ऑक्सीजन की कमी को लेकर मौत हुई है. चाहे महामारी, चाहे वैक्सीन का विषय हो हर विषय में झूठ बोलना, हर विषय में भ्रम फैलाना और हर विषय में लोगों को बरगलाना, ये राहुल गांधी जी ने एक ट्विटर ट्रोलर के रूप में काम करते हुए किया है.
संसद के मॉनसून सत्र (Parliament Monsoon Session) में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री डॉ भारती प्रवीण कुमार द्वारा 'ऑक्सीजन की कमी से कोई मौत नहीं' का लिखित बयान देने के बाद सियासी हलचल तेज है. चारों तरफ इस बयान की आलोचना हो रही है. इस पूरे मामले पर बीजेपी के नेता संबित पात्रा (Sambit Patra) ने कहा कि सदन में मंगलवार को ऑक्सीजन की कमी से हुई मौत पर सवाल पूछा गया था. इस पर जो उत्तर दिया गया, उस पर तीन चीजें ध्यान देने योग्य हैं.











