
किसानों की महापंचायत से पहले छावनी में बदला करनाल, इन 5 जिलों में इंटरनेट सर्विस सस्पेंड
Zee News
हरियाणा के करनाल में महापंचायत (Kisan Mahapanchayat in Karnal) को देखते हुए प्रशासन ने करनाल समेत 5 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है और धारा 144 लगाई गई है. करनाल छावनी में बदल गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है.
नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर (Muzaffarnagar) में महापंचायत करने के बाद अब किसान संगठन आज (7 सितंबर) हरियाणा के करनाल में महापंचायत (Kisan Mahapanchayat in Karnal) कर रहे हैं. इससे पहले प्रशासन ने करनाल समेत 5 जिलों में इंटरनेट सेवा बंद कर दी है और धारा 144 लगाई गई है. किसानों की महापंचायत को देखते हुए करनाल छावनी में बदल गया है और चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती की गई है. बता दें कि करनाल में 28 अगस्त को किसानों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ किसानों ने महापंचायत बुलाई है. करनाल में लघु सचिवालय का घेराव करने के कार्यक्रम से पहले ही प्रशासन ने जिले में लोगों के जमा होने पर पाबंदी लगा दी है. वहीं किसानों की पंचायत (Kisan Mahapanchayat) को देखते हुए करनाल से सटे कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद और पानीपत में मोबाइल इंटरनेट सर्विस को 7 सितंबर की रात तक के लिए सस्पेंड कर दिया गया है. राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, हरियाणा सरकार ने सोशल मीडिया के जरिए गलत सूचना और अफवाहों के प्रसार पर काबू पाने के लिए करनाल जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाओं को निलंबित करने का आदेश दिया है. जिले में मोबाइल इंटरनेट सेवाएं सोमवार दोपहर 12:30 बजे से लेकर मंगलवार मध्यरात्रि तक बंद रहेंगी.More Related News
