
कश्मीरी पंडितों का दिल्ली में प्रदर्शन, घाटी में हिंदू-सिखों की हत्याओं पर जताया गुस्सा
Zee News
कश्मीर में लगातार टारगेट किलिंग के मामले बढ़ते जा रहे हैं. आतंकवादी हिंदुओं और सिखों को अपना निशाना बना रहे हैं. ऐसे में गुस्साए कश्मीरी संगठनों ने शनिवार को जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया.
नई दिल्ली: जम्मू-कश्मीर (J&K) में हिंदू और सिख समुदाय के लोगों को निशाना बनाकर उनकी बेरहमी से हत्या की जा रही है. इसके विरोध में उतरे कश्मीरी हिंदू संगठनों ने शनिवार को देश की राजधानी दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट किया. इनमें ऑल इंडिया कश्मीरी समाज, कश्मीरी समिति दिल्ली, रूट्स इन कश्मीर और जम्मू-कश्मीर विचार मंच जैसे कई बड़े संगठन शामिल हैं.
प्रदर्शनकारियों ने कहा, 'हमें न्याय चाहिए. अब कश्मीरी हिंदुओं और सिखों की मौतें हम नहीं सहेंगे. हमारे साथियों को टारगेट करके मारा जा रहा है. 1990 से हम यह लड़ाई लड़ रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री से हमारा आग्रह है कि जल्द से जल्द इसका हल निकाला जाए. मैं न तो कश्मीरी हूं, न सिख हूं. मैं एक हिंदू होने के नाते इस प्रदर्शन में शामिल हुआ हूं. आखिर कब तक आतंकवादी हमें मारते रहेंगे. हमें पलायन को मजबूर करते रहेंगे.' गुस्साए कश्मीरियों ने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी पर राजनीति करने वाले लोग एक बार कश्मीर भी जाए और वहां के लोगों की आवाज भी सरकार तक पहुंचाने काम करें. लेकिन राजनीति दलों को वहां जाने से डर लगता है, कहीं आतंकी उन्हें भी अपना शिकार न बना लें.
