
करीब 80 प्रतिशत शिक्षकों और गैर शिक्षक कर्मियों को मिली कोविड टीकों की पहली खुराक : सरकार
NDTV India
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा था कि इस महीने राज्यों को कोविड-19 रोधी टीके की दो करोड़ से अधिक अतिरिक्त खुराक उपलब्ध करायी जा रही है.
शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि देशभर में विद्यालयों में करीब 80 प्रतिशत शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों ने कोविड -19 रोधी टीके (Covid vaccines) की कम से कम पहली खुराक ले ली है. मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ देशभर में विद्यालयों को खोलने में जो विभिन्न कारक भूमिका निभायेंगे उनमें एक शिक्षकों का टीकाकरण भी होगा. मंत्रालय राज्य सरकारों के साथ मिलकर इस विषय पर गहनता से काम कर रहा है.'' अधिकारी ने कहा, ‘‘राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से मिली प्रांरभिक जानकारी बहुत सकारात्मक है एवं हमने देखा है कि ज्यादातर राज्यों में करीब 80 प्रतिशत शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों ने कोविड-19 रोधी टीकों की पहली या दोनों खुराक ले ली है.'' शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों को सितंबर के दौरान सभी शिक्षकों एवं गैर शिक्षक कर्मियों के लिए टीकाकरण की पहली खुराक पूरा कराने को कहा था.











