
कनाडा में ट्रूडो की लिबरल पार्टी ने दर्ज की जीत; बहुमत से इतनी सीट से रह गए दूर
Zee News
लिबरल पार्टी 2019 में जीती गई सीटों से एक कम यानी 156 सीटों पर जीत के कगार पर है. हाउस ऑफ कॉमंस में बुहमत के लिए 170 सीटों पर जीत जरूरी है.
टोरंटोः कनाडा के लोगों ने सोमवार को चुनाव में प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो की लिबरल पार्टी को जीत दिलाई है, लेकिन ज्यादातर सीटों पर बड़ी जीत की उनकी मंशा पूरी नहीं हो पाई है. लिबरल पार्टी ने किसी भी पार्टी की तुलना में सबसे अधिक सीटें हासिल की हैं. ट्रूडो ने 2015 के चुनाव में अपने दिवंगत पिता पूर्व प्रधानमंत्री पियरे ट्रूडो की लोकप्रियता का सहारा लिया और चुनाव में जीत हासिल की थी. फिर पार्टी का नेतृत्व करते हुए पिछले दो बार के चुनाव में उन्होंने अपने दम पर पार्टी को जीत दिलाई. लिबरल पार्टी 2019 में जीती गई सीटों से एक कम यानी 156 सीटों पर जीत के कगार पर है. हाउस ऑफ कॉमंस में बुहमत के लिए 170 सीटों पर जीत जरूरी है. कंजरवेटिव पार्टी ने 121 सीटें जीती हैं, 2019 में भी वह इतनी ही सीटें जीत थी, ब्लॉक क्यूबेकोइस 32 और वामपंथी न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी 27 सीटों पर आगे है.
अल्पमत की सरकार बनाने की हालत में हैं ट्रूडो ऐसा मालूम नहीं होता कि ट्रूडो (49) पर्याप्त सीटें जीत पाएंगे लेकिन वह एक स्थिर अल्पमत की सरकार बनाने की हालत में हैं और अन्य पार्टियों के सहयोग के बिना किसी कानून को पास नहीं करा पाएंगे, लेकिन वह इतनी सीटें जरूर जीत जाएंगे कि उन्हें पद से हटाने का खतरा नहीं रहेगा. विपक्ष ट्रूडो पर अपने फायदे के लिए समय से दो साल पहले आम चुनाव कराने का आरोप लगाता रहा है.
