
एक भी मौत हुई तो आंध्र सरकार को जिम्मेदार ठहराएंगे : कक्षा 12वीं की परीक्षा पर सुप्रीम कोर्ट
NDTV India
बेंच ने आंध्र प्रदेश सरकार के वकील से कहा, ‘‘आपको 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कराने के लिए अच्छे कारण बताने होंगे. अगर किसी की मौत होती है तो हम राज्य को जिम्मेदार ठहराएंगे.’’राज्य की तरफ से पेश हुए वकील महफूज नाज्की ने कहा कि सरकार ने अभी तक परीक्षाएं आयोजित कराने का निर्णय किया है लेकिन अंतिम निर्णय जुलाई के पहले हफ्ते में किया जाएगा.
कक्षा 12वीं के स्टूडेंट्स की बोर्ड परीक्षाएं 'फिजिकली' आयोजित कराने को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने आंध्र प्रदेश सरकार को कड़ी चेतावनी जारी की है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ‘‘अगर किसी एक की भी मौत होती है तो हम राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराएंगे.'' राज्य सरकार द्वारा 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं कराने के निर्णय के बारे में सूचित करने के बाद उसने यह टिप्पणी की. जस्टिस एएम खानविलकर और जस्टिस दिनेश माहेश्वरी की बेंच को सूचित किया गया कि आंध्र प्रदेश और केरल दो ऐसे राज्य हैं, जिन्होंने अभी तक 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाएं आयोजित कराने का निर्णय किया है.











