
उत्तर प्रदेश में 1 करोड़ युवाओं को टैबलेट और प्रतियोगी छात्रों को भत्ता देगी योगी सरकार
Zee News
योगी सरकार ने गुरुवार को विधानसभा में कुल 7301 करोड़ 51 लाख 58 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया है. यह मूल बजट का 1.33 प्रतिशत है.
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं के हित में बड़ी पहल करते हुए प्रतियोगी परीक्षा भत्ता देने का ऐलान किया है. इसके साथ ही सरकार प्रदेश के एक करोड़ युवाओं को टैबलेट-स्मार्टफोन भी देगी. इसके अलावा, 28 लाख कर्मचारियों व पेंशनधारकों को एक जुलाई 2021 से 11 फीसदी बढ़ोतरी के साथ 28 फीसदी महंगाई भत्ते की सौगात भी दी गई है. राज्य सरकार युवाओं के लिए 3,000 करोड़ का एक विशेष कोष तैयार करने जा रही है. इस कोष में कारपोरेट समूहों, विभिन्न वित्तीय संस्थाओं और विश्वविद्यालयों का योगदान भी होगा. सरकार ने गुरुवार को कुल 7301 करोड़ 51 लाख 58 हजार रुपये का अनुपूरक बजट पेश किया, जिसे सदन ने पास कर दिया है. यह मूल बजट का 1.33 प्रतिशत है. गुरुवार को योगी के इन घोषणाओं के साथ ही अनिश्चित काल के लिए विधान सभा का दोनों सदन स्थगित हो गया है. 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनधारकों को होगा फायदा गुरुवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए पेश अनुपूरक बजट को युवाओं, कोरोना योद्धाओं और फील्ड कर्मचारियों को समर्पित किया. कोरोना काल में फील्ड कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने एक तरफ जहां रोजगार सेवकों, पीआरडी जवान, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, मिनी आंगनबाड़ी व सहायिकाओं, रोजगार सेवकों वगैरह अल्प मानदेय वाले कार्मिकों के मानदेय में बढ़ोतरी की घोषणा की, वहीं प्रदेश सरकार के 16 लाख कर्मचारियों और 12 लाख पेंशनधारकों की बहुप्रतीक्षित मुराद पूरी करते हुए 11 फीसदी की बढ़ोतरी के साथ उनके मंहगाई भत्ते को बहाल करने का भी ऐलान किया.More Related News
