
आफत की बारिश! उत्तर से दक्षिण भारत तक कहर, जारी किया गया रेड अलर्ट
Zee News
Heavy Rainfall In India: केरल में भारी बारिश के दौरान लैंडस्लाइड के कारण 21 लोगों की जान चली गई है. केरल के 5 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है. राहत-बचाव कार्य जारी है.
नई दिल्ली: देश के कई राज्यों में बारिश आफत बनकर बरस रही है. उत्तर भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट है तो दक्षिण भारत में बारिश कहर बनकर टूट रही है. दिल्ली और आसपास के इलाकों में लगातार दूसरे दिन बारिश जारी. दिल्ली में भारी बारिश के बाद निचले इलाकों में पानी भर गया है. आज (सोमवार को) लोगों को दफ्तर जाने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
वहीं उत्तराखंड में भी आज और कल (मंगलवार को) भारी बारिश की चेतावनी मौसम विभाग ने जारी की है. 11 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है. चमोली में सुबह से बारिश हो रही है. भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए उत्तराखंड में स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लोगों को घर पर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्कता बरतने और पहाड़ी इलाकों में अगले 48 घंटों तक आवाजाही नहीं करने की सलाह दी है.
